नैनीताल , जुलाई 03 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल कुमाऊँ द्वारा भर्ती रैली आयोजित की जा रही है।

आगामी 03 अगस्त से 08 अगस्त 2026 तक होने वाली भर्ती रैली के माध्यम से कुल 69 पदों पर पूर्व सैनिकों की भर्ती की जाएगी।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि भर्ती रैली पिथौरागढ़ के देवकटिया मैदान में आयोजित होगी। इसमें सैनिक (जनरल ड्यूटी) के 49 पद केवल उत्तराखंड के भूतपूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा शेफ कम्युनिटी (04), धोबी (02), दर्जी (02), उपकरण मरम्मतकर्ता (02), नाई (03), लोहार (01), क्लर्क (01), बढ़ई (03) तथा हाउस कीपर (02) के पदों पर सम्पूर्ण भारत के भूतपूर्व सैनिक आवेदन कर सकेंगे।

भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 03 अगस्त को अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी जबकि 04 अगस्त को शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित होगी। शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का 05 से 08 अगस्त के बीच मेडिकल परीक्षण और साक्षात्कार कराया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 6 बजे से देवकटिया मैदान में शुरू होगी।

जिलाधिकारी ने इच्छुक पूर्व सैनिकों एवं महिला कर्मियों से निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर भर्ती स्थल पर पहुंचने की अपील की है।

भर्ती से संबंधित पात्रता, सेवा की शर्तों एवं अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सैनिक कल्याण कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। ऑनलाइन पंजीकरण एवं विस्तृत पात्रता संबंधी जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित