रामगढ़ , सितंबर 24 -- झारखंड के लोगों की सुविधा के लिए पितृपक्ष मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने पुनपुन घाट हाल्ट तथा अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर कई ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की व्यवस्था की है।
यह व्यवस्था 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। दोनों स्थानों पर निर्धारित ट्रेनों का दो-दो मिनट का ठहराव होगा। इस संबंध में पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने जानकारी दी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि पितृपक्ष मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पिंडदान, तर्पण और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के लिए गया एवं आसपास के तीर्थस्थलों पर पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने उनके आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए पुनपुन घाट हाल्ट पर 12 ट्रेनों का अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि पुनपुन घाट हाल्ट पर गाड़ी संख्या 13243/13244 पटना-भभुआ रोड-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस, 13347/13348 बरकाकाना-पटना-बरकाकाना पलामू एक्सप्रेस, 13349/13350 सिंगरौली-पटना-सिंगरौली एक्सप्रेस, 18623/18624 इसलामपुर-हटिया-इसलामपुर एक्सप्रेस, 18625/18626 पूर्णिया कोर्ट-हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस तथा 15137/15138 राजगीर-बनारस-राजगीर बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस का दो मिनट का अस्थायी ठहराव होगा।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 63329/63330 पाटलिपुत्र-गया-पाटलिपुत्र मेमू, 03254/03253 चर्लपल्ली-पटना-चर्लपल्ली विशेष ट्रेन, 03255 चर्लपल्ली-पटना विशेष ट्रेन, 63389/63390 पटना-नवादा-पटना मेमू, 63391/63392 इसलामपुर-पटना-इसलामपुर मेमू तथा 63393 पटना-गया मेमू को भी पुनपुन घाट हाल्ट पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।
सरस्वती चन्द्र ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अनुग्रह नारायण रोड और चिरैला पौथू के बीच 539/21-540/07 किलोमीटर पर स्थित अस्थायी अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर भी पांच ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था की गई है। यहां 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक गाड़ी संख्या 63289/63290, 63291/63292 और 63295/63296 गया-डेहरी ऑन सोन-गया मेमू यात्री ट्रेनों का दो मिनट का अस्थायी ठहराव होगा।
इसके साथ ही गाड़ी संख्या 13305/13306 धनबाद-सासाराम-धनबाद इंटरसिटी तथा 13553/13554 आसनसोल-वाराणसी-आसनसोल मेमू यात्री ट्रेन भी अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर दो मिनट के लिए रुकेगी।
रेलवे की ओर से पितृपक्ष मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए यह अस्थायी व्यवस्था की गई है। इससे पुनपुन घाट हाल्ट और अनुग्रह नारायण स्नान घाट पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को ट्रेनों से यात्रा करने में सुविधा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित