पटना , सितंबर 25 -- पितृपक्ष मेला पुनपुन के शुभारंभ के साथ ही जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
जिलाधिकारी (डीएम) कुंदन कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने शुक्रवार को मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
श्री कुमार ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से कहा कि मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी पूरी सजगता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे मेला अवधि में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके।
जिलाधिकारी ने मेला परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, कूड़ा उठाव तथा पर्याप्त संख्या में स्वच्छता कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को लगातार दुरुस्त रखने को कहा।
उन्होंने पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि मेला क्षेत्र में वाहनों का परिचालन और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रहनी चाहिए। भीड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यकता के अनुसार प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री शर्मा ने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सभी पुलिसकर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। नदी के समीप गोताखोरों एवं एसडीआरएफ की टीम को भी लगातार मुस्तैद रखने का निर्देश दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित