पटना , अक्टूबर 07 -- बिहार के गयाजी के पितृपक्ष मेले की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और भव्यता को डिजिटल दुनिया के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने का मौका है। पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित 'पितृपक्ष मेला एक इन्फ्लुएंसर की नजर से' प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी 11 अक्टूबर की शाम 05 बजे तक अपनी प्रविष्टियां भेज सकेंगे। प्रतियोगिता में पितृपक्ष मेले के अनुभवों को वीडियो, रील, फोटो और ब्लॉग के माध्यम से रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत करना होगा। प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को 3 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागी पिंडदान, तर्पण और श्राद्ध की परंपरा के साथ गयाजी के धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों, स्थानीय संस्कृति, खान-पान, जनजीवन और पर्यटन अनुभवों को अपनी रचनात्मक नजर से प्रस्तुत कर सकेंगे। विभाग का उद्देश्य ऐसे डिजिटल कंटेंट को प्रोत्साहित करना है, जिसके माध्यम से गयाजी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान देश-विदेश के दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

प्रतियोगिता में कंटेंट क्रिएटर, ब्लॉगर, ट्रैवल इन्फ्लुएंसर, फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर और रील मेकर के अलावा आम लोग भी हिस्सा ले सकेंगे। इसके लिए प्रतिभागी के किसी एक सोशल मीडिया हैंडल पर कम से कम 25 हजार फॉलोअर्स होना आवश्यक है।

प्रतियोगिता में कुल 10 विजेताओं का चयन किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 03 लाख रुपये, द्वितीय को 02 लाख रुपये और तृतीय स्थान के विजेता को 01 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। चौथे स्थान पर रहने वाले दो विजेताओं को 50-50 हजार रुपये तथा पांच अन्य प्रतिभागियों को 25-25 हजार रुपये के प्रशंसा पुरस्कार दिए जाएंगे। इस तरह कुल 8.25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित