पटना , सितंबर 28 -- हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि पितृपक्ष में गयाजी का महत्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सनातन संस्कृति की उस महान परंपरा का प्रतीक है, जिसकी पहचान देश-दुनिया में है।

डॉ. संतोष कुमार सुमन ने आज बयान जारी कर कहा कि फल्गु नदी के तट पर पिंडदान और तर्पण की परंपरा हजारों वर्षों से चली आ रही है। देश के अलग-अलग राज्यों के साथ विदेशों से भी श्रद्धालु अपने पितरों के प्रति श्रद्धा और मोक्ष की कामना लेकर गयाजी पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि गयाजी की धरती हमारी सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और पितृ ऋण की भावना को एक साथ अभिव्यक्त करती है। इसलिए पितृपक्ष गयाजी के लिए ही नहीं, पूरे बिहार के लिए गौरव का अवसर है।

डॉ. सुमन ने कहा कि गयाजी की इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्ता को दुनिया के सामने और व्यापक रूप से स्थापित करने की आवश्यकता है। पितृपक्ष के दौरान देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालु बिहार की संस्कृति और आतिथ्य के भी दूत बनकर लौटते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पेयजल और यातायात की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं हो तथा आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिले। उन्होंने कहा कि गयाजी को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक एवं धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास होना चाहिए। गयाजी की पहचान केवल एक तीर्थस्थल के रूप में नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और पितृ परंपरा की विश्वव्यापी विरासत के रूप में हो।यह हम सभी का संकल्प होना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित