शामली , अप्रैल 01 -- उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पितृदोष दूर करने के नाम पर बैटरी व्यापारी के घर से लाखों रुपये के आभूषण ठगने वाले चार कथित ज्योतिषों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 20 मार्च को नया बाजार निवासी अशोक कुमार के घर पूजा-पाठ के नाम पर धोखाधड़ी करते हुए करीब 130 ग्राम सोने के आभूषण लेकर आरोपी फरार हो गए थे। इस संबंध में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों राजेश उर्फ गंगाशरण (हापुड़), श्रीनिवास (अलीगढ़), भवानी शंकर (हापुड़/रामपुर) और जतन (अलीगढ़) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से आभूषण बेचकर प्राप्त 8 लाख 20 हजार रुपये की नकदी, दो कथित ज्योतिष डिग्रियां, एक ज्योतिष पत्रिका और एक ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ज्योतिष का सीमित ज्ञान रखते हैं और लोगों को झांसे में लेकर ठगी करते थे। पिछले वर्ष दीपावली के आसपास वे शामली आए और मेरठ-करनाल रोड स्थित एक बैटरी दुकान पर पहुंचकर दुकानदार का विश्वास जीता। बाद में उन्होंने उसकी पत्नी को पितृदोष होने की बात कहकर पूजा कराने का झांसा दिया। छह मार्च को आरोपी व्यापारी के घर पहुंचे और पूजा के दौरान सोने के आभूषण कलश में रखवाकर पोटली बदलकर फरार हो गए। बाद में आभूषणों को हरिद्वार में 8.20 लाख रुपये में बेच दिया।

आरोपियों ने पूछताछ में पलवल, गाजियाबाद, हरिद्वार, लखनऊ, आगरा, मथुरा, हापुड़, जोधपुर, नैमिषारण्य (सीतापुर) और बुलंदशहर समेत कई स्थानों पर इसी तरह की ठगी की वारदातें कबूल की हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित