रायबरेली , सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली के लालगंज स्थित आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) रायबरेली के मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष कुमार और उनके पुत्र मास्टर आरुष सागर गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर आरेडिका का नाम रोशन किया है। डॉ. मनीष कुमार ने पहले इंडिया इंटरनेशनल ओपन 2026 पैरा डार्ट्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया, जबकि उनके पुत्र आरुष ने यूथ अंडर-18 वर्ग में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डी.के. सक्सेना ने मंगलवार को यहां बताया कि पहले इंडिया इंटरनेशनल ओपन 2026 पैरा डार्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन 10 से 12 सितंबर तक कोलकाता स्थित द ललित ग्रेट ईस्टर्न होटल में किया गया। प्रतियोगिता में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़े प्रतिस्पर्धी मुकाबलों में डॉ. मनीष ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया, जबकि उनके पुत्र आरुष ने यूथ अंडर-18 वर्ग में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया।

आरेडिका की प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आभा जैन ने डॉ. मनीष कुमार को उनकी उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। आरेडिका परिवार ने पिता-पुत्र दोनों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित