सागर , अप्रैल 22 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के सानोधा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पामाखेड़ी में एक बुजुर्ग पिता द्वारा अपने ही बेटे की हत्या कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में परिवार के सदस्यों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी हिरदे अहिरवार का अपने पुत्र हल्ले अहिरवार से पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी विवाद के चलते उसने अपने दूसरे बेटे और नातियों को उकसाया।
आरोप है कि पिता के कहने पर पप्पू उर्फ शिवराम, संदेश अहिरवार और एक नाबालिग ने मिलकर हल्ले पर डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची मृतक की पत्नी सीमा के साथ भी मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल हल्ले को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त डंडे और पत्थर बरामद कर लिए हैं। मुख्य आरोपी हिरदे अहिरवार, पप्पू उर्फ शिवराम, संदेश अहिरवार और एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित