बड़वानी , अप्रैल 25 -- मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के पिछोड़ी गांव में पिता की हत्या करने वाला आरोपी चंदन बडोले राजनीतिक रूप से भी सक्रिय रहा है और वर्ष 2018 में आम आदमी पार्टी (आप) के टिकट पर बड़वानी विधानसभा चुनाव लड़ चुका है। फरारी के दौरान सोशल मीडिया पर हत्या की धमकी दिए जाने के चलते उसके गांव में पुलिस बल तैनात रखा गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर स्थित पिछोड़ी गांव में 32 वर्षीय चंदन बडोले ने गत सोमवार को पिता जगन बडोले (58) की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। दोनों के बीच लंबे समय से पैसों और जमीन में हिस्सेदारी को लेकर विवाद चल रहा था, जो घटना के दिन हिंसक हो गया।बड़वानी कोतवाली प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिये विभिन्न टीमें भेजी गई है।

उन्होंने बताया कि हत्या का आरोपी चंदन बडोले 2018 में आप से बड़वानी विधानसभा का चुनाव लड़ चुका है। उस चुनाव में करीब एक हजार वोट ही प्राप्त हुए थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी जंगलों में छिपा हुआ है और सोशल मीडिया के माध्यम से सक्रिय रहकर धमकियां दे रहा है। घटना से तीन दिन पूर्व उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग का जिक्र किया था तथा बड़े व्यापार और राजनीति में आगे बढ़ने की इच्छा जताई थी। हत्या करने के बाद उसने और भी वारदात करने की सोशल मीडिया पोस्ट डाली जिससे ग्रामीणों में भय व्याप्त है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में लोग घरों के बाहर सोने से भी डर रहे हैं। उसकी माँ गौरी बाई ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी पैसों की मांग को लेकर मारपीट कर चुका था तथा जमीन बेचने का दबाव बना रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि वह परिवार के अन्य सदस्यों को भी नुकसान पहुंचा सकता है।

मृतक के छोटे भाई कुंदन ने भी आशंका व्यक्त की कि आरोपी कभी भी घर आकर हमला कर सकता है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल घर के बाहर तैनात किया गया है। परिजनों के अनुसार, आरोपी ने प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही प्राप्त की और बड़वानी पीजी कॉलेज से बीए किया था। वह दो बार मध्य प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल पद के लिए चयनित हुआ, लेकिन दोनों बार शारीरिक परीक्षा में असफल रहा। इसके बाद वह अवैध रेत खनन और परिवहन के कार्य से जुड़ गया।कोतवाली प्रभारी ने बताया कि उसके छोटे भाई की पत्नी ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था, इसके चलते वह मानता था कि परिवार में फूट हो चुकी है। हालांकि इसके बाद छोटे भाई की पत्नी घर छोड़कर चली गई थी।

चंदन बडोले ने फरारी के दौरान सोशल मीडिया पोस्ट में उस महिला की फिर से शादी नहीं होने देने की भी धमकी दी थी लेकिन पुलिस सुरक्षा में इसे संपन्न करा दिया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित