प्रयागराज , जून 19 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के कौंधियारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक छात्र के कथित अपहरण की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम दिनभर छात्र की तलाश में जुटी रही, लेकिन जांच के दौरान मामला पूरी तरह पलट गया। पुलिस ने खुलासा किया कि पिता की डांट से नाराज छात्र ने अपने छोटे भाई के साथ मिलकर अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कौंधियारा थाना क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी सोनकरन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके दोनों पुत्र विकास और आकाश शुक्रवार सुबह कौंधियारा स्थित एक कोचिंग संस्थान में पढ़ने के लिए घर से निकले थे। कुछ देर बाद छोटा पुत्र आकाश वापस घर पहुंचा और परिजनों को बताया कि मवैया गांव के पास काले रंग की एक चारपहिया वाहन में सवार कुछ लोग विकास का जबरन अपहरण कर ले गए।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। सहायक पुलिस आयुक्त (कौंधियारा) अब्दुस सलाम खान, एसओजी तथा सर्विलांस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और छात्र की तलाश में विभिन्न स्थानों पर जांच-पड़ताल की।

सुबह से दोपहर तक पुलिस ने विकास, उसके भाई आकाश तथा पिता से अलग-अलग पूछताछ की, लेकिन कथित अपहरण के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आकाश से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने पूरा घटनाक्रम उजागर कर दिया।

पूछताछ में आकाश ने स्वीकार किया कि उसके भाई विकास का अपहरण नहीं हुआ था। उसने बताया कि कुछ दिन पहले पिता द्वारा नौकरी को लेकर डांटे जाने से विकास नाराज था और मुंबई जाने की योजना बना रहा था। परिवार और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से उसने अपहरण की झूठी कहानी तैयार कर अपने छोटे भाई से भी वही बात कहने को कहा था।

सहायक पुलिस आयुक्त अब्दुस सलाम खान ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच की। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर स्पष्ट हो गया कि अपहरण की कहानी पूरी तरह मनगढ़ंत थी। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित