ग्वालियर , अक्टूबर 29 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में मुरार थाना क्षेत्र के बड़ा गांव में पिता की डांट से नाराज होकर तीन बहनों के लापता होने का मामला सामने आया है। लापता बहनों में 18 वर्षीय युवती और 16 तथा 14 वर्ष की दो नाबालिग शामिल हैं। परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर उनकी तलाश करने की मांग की है।

बड़ा गांव निवासी ज्ञान सिंह वेल्डिंग का काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी पहली पत्नी की चार वर्ष पहले मौत हो गई थी। पहली पत्नी से उसकी 14 वर्षीय बेटी है। इसके बाद उसने दूसरी शादी की थी। उसकी दूसरी पत्नी की पहले से दो बेटियां हैं, जिनमें प्रियंका की उम्र 18 वर्ष और दूसरी की उम्र 16 वर्ष है।

ज्ञान सिंह के अनुसार, 26 अक्टूबर को काम से घर लौटने पर उसने अपनी बेटी जयश्री को छिपकर मोबाइल पर किसी से बात करते देखा था। इस पर उसने उसे डांटते हुए मोबाइल चलाने से मना किया। इस बात से तीनों बहनें नाराज हो गई थीं।

अगले दिन 27 अक्टूबर को ज्ञान सिंह काम पर चला गया, जबकि उसकी पत्नी मधु दोपहर करीब 12 बजे सामान लेने बाजार गई थी। शाम करीब पांच बजे घर लौटने पर तीनों लड़कियां गायब मिलीं। परिजनों ने घर और आसपास तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद ज्ञान सिंह अपने भाई के साथ थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।

परिजनों को आशंका है कि तीनों नाराज होकर कहीं चली गई हों या कोई अज्ञात व्यक्ति उन्हें बहला-फुसलाकर ले गया हो। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लापता बहनों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों के अलावा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित