फिरोजाबाद , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के नारखी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक ने अपने पिता और भाई पर सोते समय सिर में लोहे की कील ठोकने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार नगला सौंठ निवासी सुनील ने आरोप लगाया कि प्लॉट के विवाद को लेकर गुरुवार रात वह कमरे में सो रहा था, तभी उसके पिता हरि सिंह और भाई अजय ने उसे दबोच लिया और उसके सिर में लोहे की कील ठोक दी। घायल अवस्था में वह सुबह करीब चार बजे थाना नारखी पहुंचा।
युवक का आरोप है कि प्रारंभ में उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बाद वह दबरई स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंचा और वकील के माध्यम से गुहार लगाई। उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद थाना स्तर पर कार्रवाई शुरू हुई। पुलिस युवक को मेडिकल परीक्षण के लिए ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा रेफर करने की सलाह दी गई।
सुनील ने यह भी आरोप लगाया कि 15 फरवरी को भी उसके पिता और भाई ने उसके सिर में कील ठोकी थी और बाद में उसे नशा मुक्ति केंद्र भेज दिया गया था। थानाध्यक्ष राकेश कुमार गिरी ने बताया कि युवक सिर में कील लगी अवस्था में थाने आया था। उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित