तेहरान , जून 17 -- पिछले 24 घंटों में ईरानी तेल टैंकरों का पहला जत्था होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी से बाहर आ गया है। समुद्री जहाजों पर नजर रखने वाली संस्थाओं के मुताबिक, दो महीने में पहली बार ईरानी कच्चे तेल के निर्यात में इतनी बड़ी हलचल देखी गयी है।
यह घटनाक्रम स्विट्जरलैंड में शुक्रवार से शुरू होने वाली अमेरिका-ईरान की औपचारिक वार्ता से पहले हुआ है। उम्मीद है कि दोनों पक्ष हाल ही में हुए समझौता पत्र (एमओयू) के तहत अपनी बातचीत शुरू करेंगे। टैंकरों की आवाजाही पर नजर रखने वाली एजेंसी 'टैंकर ट्रैकर्स' के अनुसार, नेशनल ईरानी टैंकर कंपनी की ओर से संचालित कम से कम दो सुपरटैंकर डायोना और हीरो2 नाकेबंदी वाले क्षेत्र से निकल गये हैं, जो संयुक्त रूप से 38 लाख बैरल कच्चा तेल ले जा रहे हैं। इस समूह ने बाद में रिपोर्ट दी कि एक तीसरा टैंकर भी रवाना हो चुका है।
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के हवाले से बताया गया है कि ओपन-सोर्स ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में पांच ईरानी जहाजों ने ओमान की खाड़ी में अमेरिकी नाकेबंदी क्षेत्र को पार किया है। इन जहाजों में तीन कच्चे तेल टैंकर, एक मालवाहक जहाज और एक कंटेनर जहाज शामिल है। ये सभी दक्षिणी ईरान से रवाना हुए और पूर्व की ओर बढ़ते हुए दिखाई दिये।
एक अन्य प्रतिबंधित टैंकर 'स्ट्रीम' ने पाकिस्तान के कराची से रवाना होने के बाद नाकेबंदी क्षेत्र के करीब पहुंचते ही अपना ट्रैकिंग सिग्नल बंद कर दिया। दो और जहाजों, कच्चे तेल के टैंकर 'हर्बी' और बल्क करियर 'एरीज' के भी इस क्षेत्र की ओर बढ़ने की भी रिपोर्ट हैं। ये सभी जहाज ईरानी झंडे वाले हैं और या तो नेशनल ईरानी टैंकर कंपनी या इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान शिपिंग लाइन्स से जुड़े हैं, जो दोनों ही अमेरिकी प्रतिबंधों के अधीन हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित