इटावा , जून 15 -- उत्तर प्रदेश की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश की आधारभूत संरचना मजबूत हुई है और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। सोमवार को बसरेहर में आयोजित जन कल्याण मेले को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उन्हें विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना और पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया है।

बेबी रानी मौर्य ने कहा कि एक समय ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को शौच के लिए अंधेरा होने की प्रतीक्षा करनी पड़ती थी, जिससे उनकी गरिमा और सुरक्षा प्रभावित होती थी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालयों के निर्माण से महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित हुआ है।

उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए, जिससे उन्हें धुएं से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से राहत मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार "सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास" की भावना के साथ कार्य कर रही हैं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में देश में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है, नए अस्पताल स्थापित किए गए हैं तथा सड़क, हवाई और अन्य आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने कहा कि बड़े शहरों में आधुनिक हवाई अड्डों का निर्माण किया गया है और महिलाओं के सशक्तिकरण को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला माना गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल आंकड़ों का खेल नहीं खेल रही है, बल्कि विकसित भारत के निर्माण के लिए कार्य कर रही है। योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जा रहा है और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की दिशा में आगे बढ़ा जा रहा है।

विकास भवन सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह "नया भारत" है, जो अपनी सुरक्षा और संप्रभुता के मुद्दों पर प्रभावी जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने अपने विरोधियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री चुना जाना उनकी लोकप्रियता और जनता के विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने विश्व को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सौगात दी है और आज विश्व के 177 देश योग दिवस मना रहे हैं।

इस अवसर पर सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचितों के कल्याण के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, ब्लॉक प्रमुख दिलीप यादव बबल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित