पटना , मई 14 -- नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने गुरूवार को कहा कि पिछले वर्षों में मॉनसून एवं अत्यधिक वर्षा के दौरान उत्पन्न जलजमाव एवं जल निकासी से संबंधित समस्याओं, लंबित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा इस वर्ष मॉनसून पूर्व तैयारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

श्री मिश्रा ने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने, निर्माणाधीन ड्रेनेज कार्यों के कारण संभावित अवरोधों को रोकने तथा तात्कालिक जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिये ड्रेनेज व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

मंत्री श्री नीतीश मिश्रा ने निर्देश दिये कि विगत वर्षों से सबक लेते हुए मॉनसून के दौरान उत्पन्न चुनौतियों का समग्र आकलन करते हुए समस्याओं की समय रहते पहचान कर उनके प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से नालों की नियमित सफाई पर बल देते हुए कहा कि इसके लिए आवश्यक आधुनिक मशीनरी, उन्नत उपकरणों एवं संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मॉनसून पूर्व सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित