मुंगेर , जनवरी 22 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने गुरूवार को कहा कि पिछले दो दशकों से बिहार में सुशासन को जनता का समर्थन मिलता रहा है और यही कारण है कि राज्य विकास के पथ पर अग्रसर है।

श्री सरावगी आज मुंगेर पहुंचने के बाद जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ की प्रतिमा के पंचकल्याणक प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए और जैन राष्ट्रसंत एवं अहिंसा तीर्थ के प्रणेता आचार्य प्रमुख सागर जी महाराज से आशीर्वाद लिया।

श्री सरावगी ने आचार्य प्रमुख सागर जी का बिहार में स्वागत करते हुए कहा कि यह मुंगेर के लिए सौभाग्य की बात है कि आचार्य प्रमुख सागर जी यहां पधारे हैं। उन्होंने कहा कि जैन मुनियों के अहिंसा पर विश्वास को आज हम सभी को आत्मसात करने की जरूरत है। उन्होंने प्रमुख सागर जी से बिहार के लोगों के सुख, शांति और समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि बिहार विकसित हो, यही हम सभी की कामना है।

श्री सरावगी ने दिगम्बर जैन धर्मावलम्बियों और उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दो दशकों से बिहार में सुशासन को जनता का समर्थन मिलता रहा है और यही कारण है कि बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आज जहां महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य किये जा रहे हैं, वहीं आधारभूत संरचनाओं को लेकर प्रदेश नई उंचाइयों पर पहुंच रहा है।

‎ श्री सरावगी ने कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार और नौकरी देने के लक्ष्य को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बिहार में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इस लक्ष्य को जरूर पूरा करेगी।उन्होंने कहा कि भाजपा का मकसद जन कल्याण का रहा है। पार्टी के कार्यक्रमों में इसकी झलक दिखाई देती है। भाजपा की राजनीति का मकसद ही जन सेवा और राष्ट्र की सेवा की रही है।

‎ श्री सरावगी इसके बाद भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने इस मौके पर कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं का दृढ निश्चय भाजपा की असली ताकत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित