हैदराबाद , अक्टूबर 27 -- तेलंगाना में पिछड़ा वर्ग के 13 संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणियों की निंदा की है।

इन संगठनों ने मंगलवार को मांग की है कि श्री खरगे अपनी टिप्पणी वापस लें और बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। इन संगठनों ने एक बयान में आरोप लगाया कि श्री मोदी के परिवार को लेकर श्री खरगे की टिप्पणी शालीनता और राजनीतिक मर्यादा की सीमाओं को पार कर गई है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री के पद और उस पिछड़ा वर्ग (बीसी) समुदाय का अपमान है, जिससे श्री मोदी आते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह विकास और जन कल्याण पर चर्चा करने की बजाय व्यक्तिगत हमले कर रही है।

पिछड़ा वर्ग के नेताओं ने कहा कि श्री खरगे की टिप्पणी कांग्रेस को चुनावों में मिली हार से उपजी हताशा को दर्शाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीतिक मतभेदों को व्यक्तिगत आलोचना की बजाय रचनात्मक बहस के जरिए सामने रखा जाना चाहिए। उन्होंने श्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने भारत के विकास, गरीबी दूर करने और भ्रष्टाचार को खत्म करने की दिशा में काम किया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मोदी की बढ़ती साख और देश को हर क्षेत्र में मजबूत करने के उनके संकल्प का भी जिक्र किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित