मुरैना , अक्टूबर 08 -- मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने गुरुवार को मुरैना जिले के दो पिछड़ा वर्ग छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यकतानुसार समय-समय पर छात्रावासों में मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं और अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके।
डॉ. कुसमरिया ने एबी रोड स्थित शासकीय पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में विभिन्न कक्षों और उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। छत के प्लास्टर की स्थिति को देखते हुए उन्होंने आवश्यक मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रहन-सहन और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही रिक्त सीटों पर पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश दिलाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए।
इसके बाद उन्होंने शासकीय पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास, बड़ोखर का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर रहन-सहन, भोजन और अध्ययन व्यवस्था की जानकारी ली तथा साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन भी किया।
निरीक्षण के अंत में डॉ. कुसमरिया ने छात्राओं के साथ छात्रावास परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि छात्रावास विद्यार्थियों के निवास के साथ उनके व्यक्तित्व विकास और बेहतर भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए यहां स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित