नयी दिल्ली , फरवरी 19 -- गूगल और अल्फाबेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई ने यहां इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के आयोजन स्थल भारत मंडपम में गुरुवार को भारत जीआई कॉफी लाउंज का दौरा किया।
केंद्र सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) द्वारा कॉफी बोर्ड के साथ मिल कर स्थापित जीआई कॉफी लाउंज में मालाबार अरेबिका का स्वाद लिया और भारत की जगह जगह की काफी के विशिष्ट स्वाद और सुगंध का परिचय प्राप्त किया1फिनलैंड, फ्रांस, जापान, नाइजीरिया, बोत्सवाना, लिथुआनिया, कजाकिस्तान, पोलैंड और जर्मनी के प्रतिनिधियों ने भी कॉफी एक्सपीरियंस सेंटर का दौरा किया और भारत की जीआई कॉफी विरासत में गहरी रुचि दिखायी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार फिनलैंड के प्रतिनिधि ने विशेष रूप से मानसून मालाबार अरेबिका के स्वाद की सराहना की जो विशिष्ट परंपरागत तरीके से प्रसंस्कृत की जाती है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा , " जब सुंदर पिचाई इसका स्वाद लेने के लिए आते हैं, तो आप जानते हैं कि यह वास्तव में इसके लायक है! दुनिया इंडिया आई इम्पैक्ट समिट2026 में भारत जीआई कॉफी के लिए एक कप उठा रही है। भारत जीआई कॉफी लाउंज, भारत मंडपम (हॉल 14, प्रथम तल) 17-20 फरवरी।"केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने 16 फरवरी से चल रहे इस सम्मेलन के दूसरे दिन कॉफी लाउंज का दौरा किया था। डीपीआईआईटी ने भारत जीआई को समेकित राष्ट्रीय बौद्धिक संपदा ब्रांड के तौर पर पेश किया है। इसका उद्देश्य "ए वर्ल्ड एक्सक्लूसिव" टैगलाइन के साथ भारत के विशेष जीआई उत्पादों को दुनिया भर में दिखाना है।
हॉल नंबर 14 फर्स्ट फ्लोर पर बने कॉफ़ी एक्सपीरियंस सेंटर एआई समिट के आगंतुकों को भारत की जीआई के ठप्पे वाली अलग-अलग तरह कॉफ़ी की सुगंध और स्वाद का अनुभव करने का अवसर देती है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित