नरसिंहपुर , मार्च 11 -- मध्यप्रदेश में नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने पिकअप वाहन से ले जाई जा रही 203 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना ने बताया कि बुधवार को गोटेगांव में कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें 203 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में वाहन चालक मोनू ठाकुर ने बताया कि वह जबलपुर के एक वेयरहाउस से शराब लोड कर गाडरवारा ले जा रहा था।
पुलिस के अनुसार वाहन चालक के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद चालक को गिरफ्तार कर शराब और वाहन जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बरामद शराब किसकी थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित