बुरहानपुर , सितंबर 20 -- मध्यप्रदेश में बुरहानपुर जिले के महाराष्ट्र सीमा से लगे ग्राम वारोली रोड पर रविवार को पिकअप वाहन ने बाइक के पास खड़े दो छात्रों को टक्कर मार दी जिससे एक छात्र की मौके पर मौत हो गई एवं एक घायल हो गया।

शाहपुर थाना पुलिस के अनुसार घटना भोटा-वारोली रोड पर आज सुबह 7.30 बजे हुई। 10वीं के छात्र रितेश पाटिल (15) व मनोज कोकाटे गांव के ही प्रफुल्ल पाटिल की बाइक पर ट्यूशन के लिए इच्छापुर जा रहे थे। प्रफुल्ल ने सड़क किनारे बाइक रोकी व लघु शंका करने चला गया। तभी सामने से आए तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक और उसके पास खड़े दोनों छात्रों को टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों दूर जा गिरे। हादसे में रितेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि मनोज घायल हो गया। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर भाग निकला। घायल मनोज का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। रितेश पूर्व उप सरपंच मनोज पाटिल का बेटा है। हादसे में छात्र की मौत के बाद गांव में मातम पसरा गया। शाहपुर थाना पुलिस ने मौके पर जांच की और पिकअप वाहन की जानकारी निकाल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित