अलवर , सितम्बर 28 -- राजस्थान में अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को नाकाबंदी के दौराप पिनान की ओर से आ रही पिकअप से नकली डीएपी खाद के 90 कट्टे बरामद किये।
चालक के पास खाद से संबंधित कोई बिल-बिल्टी नहीं मिली और खाद के बारे में पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि चालक की पहचान चंदू प्रजापत के रूप में हुई। पुलिस ने मामले की सूचना कृषि विभाग के अधिकारियों को दी। इस पर राजगढ़ के सहायक निदेशक कृषि विस्तार गोकरण मीणा और कृषि अधिकारी विजेंद्र कुमार गोयम मौके पर पहुंचे और पिकअप में भरे डीएपी खाद की जांच की।
कृषि विभाग के अधिकारियों की जांच में खाद नकली पाए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद अधिकारियों ने खाद के नमूने लिए। खाद के कट्टों को माजवाड़ जीएसएस पर रखवाया गया, जबकि पिकअप को जब्त करके रैणी थाने पहुंचाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित