बस्तर , अप्रैल 07 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा क्षेत्र में मंगलवार को एक पिकअप के अनियंत्रित होकर पलट जाने से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 35 लोग घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा ग्राम घोटिया से धाबामारी की ओर जाने वाले मार्ग पर एक मोड़ के पास हुआ। पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में ग्रामीण सवार थे, जो नारायणपुर जिले से शादी कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मोड़ पर वाहन चालक संतुलन खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पलट गया।

लोहंडीगुड़ा थाना प्रभारी रवि बैगा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

35 घायलों में कुछ लोगों की हालत सामान्य है। हादसे में घायल लोगों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए डिमरापाल स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, सड़क का घुमावदार मोड़ भी दुर्घटना का एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही वाहन चालक की भूमिका और वाहन की स्थिति की भी जांच की जा रही है। प्रशासन द्वारा घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित