बलरामपुर , सितंबर 25 -- छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन के गुप्त चैंबर से 109 किलो 235 ग्राम गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि सफेद रंग के बोलेरो पिकअप में बड़ी मात्रा में गांजा ओडिशा से बलरामपुर के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ाते हुए पुलिस टीम को तैनात किया गया।

पुलिस ने गुरुवार देर रात अंबिकापुर की ओर से आ रहे संदिग्ध पिकअप को घेराबंदी कर रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसके डाले के नीचे विशेष रूप से तैयार किया गया गुप्त चैंबरनुमा बॉक्स मिला। बॉक्स खोलने पर उसमें 100 पैकेटों में गांजा छिपाकर रखा गया था। तौल करने पर बरामद गांजे का कुल वजन 109.235 किलो पाया गया।

पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन को जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। तस्कर का नाम योगीराज (29) पुत्र ऐशन शाह है, जो बिहार के बक्सर जिले के कतिकनार गांव को रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली बलरामपुर में अपराध दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(2)(ग) के तहत कार्रवाई की गई है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और तलाश अभियान जारी है। कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित