कुरुक्षेत्र , मई 01 -- हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में ढांड रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी। पिकअप की टक्कर के बाद बाइक में आग लग गयी, जिससे वह पूरी तरह जलकर राख हो गयी। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान फिरोज खान (30) निवासी बजाज कॉलोनी, घरौंडा (जिला करनाल) के रूप में हुई है। वह प्रॉपर्टी वैल्यूएशन का काम करता था और अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों, पुत्री नायरा (3) और पुत्र अयान को छोड़ गया है।
जानकारी के अनुसार, फिरोज अपनी बुआ की पुत्री की शादी में भात भरने के लिए घरौंडा से बारना गांव जा रहा था। दोपहर बाद करीब दो बजे जब वह खानपुर रोड़ान गांव के बस स्टैंड के पास पहुंचा, तो सामने से आ रही एक पिकअप ने ओवरटेक करते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि फिरोज उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, टक्कर के तुरंत बाद बाइक में आग लग गयी, जिससे वह पूरी तरह जल गयी।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही ज्योतिसर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जांच अधिकारी एएसआई जोधा राम ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किये जा रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित