श्रीगंगानगर , जुलाई 21 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार को पिकअप की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि उसकी पुत्री घायल हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान टिक्कूराम नायक (48) के रूप में हुई है। वह अपनी पुत्री पूनम (23) को उसके ससुराल 196 आरडी छोड़ने मोटरसाइकिल पर जा रहा था। पूनम की गोद में उसकी आठ-नौ महीने की पुत्री थी। मध्याह्न करीब 12 बजे राजनहर पर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे टिक्कूराम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पूनम घायल हो गई। उसकी पुत्री को कोई चोट नहीं आई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पूनम को सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल भेजा गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे श्रीगंगानगर भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित