लखनऊ, सितम्बर 29 -- केरल भाजपा प्रवक्ता प्रिंटू महादेव द्वारा एक लाइव डिबेट में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को गोली मार देने की धमकी देने के बयान पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। कांग्रेस ने इसे "घटिया, शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण" बताया है।

श्री राय ने कहा कि भाजपा को तुरंत प्रिंटू महादेव को पार्टी से निष्कासित करना चाहिए और केरल पुलिस को उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बयान भाजपा और संघ की असली सोच को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि "संविधान और कानून में भाजपा की कभी आस्था नहीं रही। 1948 में भी इन्होंने एक गांधी की हत्या की थी और आज फिर से जब राहुल गांधी लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं तो उन्हें धमकियां दी जा रही हैं"।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि हाल के दिनों में उनकी सुरक्षा में कई चूकें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि हिंसक बयानों और सुरक्षा लापरवाही के बीच राहुल गांधी की जान को गंभीर खतरा है। अजय राय ने दोहराया कि कांग्रेस पहले भी पत्र लिखकर राहुल गांधी को एसपीजी सुरक्षा देने की मांग कर चुकी है। मौजूदा हालात को देखते हुए अब सरकार को तत्काल उनकी एसपीजी सुरक्षा बहाल करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित