पंचकूला, जून 06 -- हरियाणा के पंचकुला में पिंजौर के मेन बाजार में युवक जितेश मनोचा उर्फ किट्टू की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे के भीतर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार हत्या पुरानी रंजिश का परिणाम थी।

पुलिस उपायुक्त(अपराध) एवं यातायात अमरिंदर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के पिता के बयान के अनुसार कुछ युवकों ने जितेश को कार से बाहर निकालकर डंडों तथा लात-घूंसों से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर चार आरोपियों मनप्रीत सिंह उर्फ मनी, रोहित मेहता उर्फ विक्की, मनीष कुमार तथा खुशदीप सिंह उर्फ दीपी को गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित