भरतपुर , सितम्बर 06 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर के रणथंभौर बाघ अभयारण्य की सीमा से सटे दुमोदा गांव में वन विभाग की तरफ से लगाये गए पिंजरे में शनिवार देर रात एक और तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद रविवार को उसेे रणथंभौर के दूरस्थ क्षेत्र के जंगलों में छोड़ दिया गया।

विभागीय सूत्रों ने बताया कि पिछले महीने इसी दुमोदा गांव में एक तेंदुआ के हमले में घर के आंगन में परिजनों के बीच खेल रहे एक तीन वर्ष के बालक की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद वन विभाग द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

बताया गया कि दुमोदा क्षेत्र में वन विभाग द्वारा लगातार कैमरे, पिंजरे लगानेे के साथ ही नियमित गश्त के माध्यम से वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित