उज्जैन , अप्रैल 28 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन के समीप पिंगलेश्वर में 11 से 17 मई तक आयोजित होने वाले जय बाबा गुरुदेव के वार्षिक सत्संग एवं भंडारे के मद्देनजर रेल प्रशासन ने तीन ट्रेनों का अस्थायी ठहराव पिंगलेश्वर रेलवे स्टेशन पर प्रदान किया है।
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इन ट्रेनों को स्टेशन पर एक मिनट का ठहराव दिया जाएगा।
जिन ट्रेनों को ठहराव दिया गया है, उनमें दाहोद-भोपाल-दाहोद एक्सप्रेस (19339/19340), नागदा-बीना-नागदा एक्सप्रेस (19341/19342) तथा उज्जैन-भोपाल-उज्जैन पैसेंजर (59319/59320) शामिल हैं। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित समय और नियमों का पालन करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित