धार , जून 16 -- मध्यप्रदेश के धार शहर में कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित त्रिमूर्ति कॉलोनी में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने एक कपड़ा व्यापारी के घर में चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए ढाई लाख रुपये नगद तथा सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार त्रिमूर्ति कॉलोनी निवासी कपड़ा व्यापारी तरुण खत्री और हितेश खत्री का संयुक्त परिवार दो मंजिला मकान में रहता है। घटना के समय परिवार के सदस्य पहली मंजिल पर सो रहे थे, जबकि बड़े भाई हितेश खत्री किसी कार्य से गुजरात गए हुए थे।
बताया गया कि बदमाश मुख्य गेट और नीचे के कमरों के ताले तोड़कर घर में घुसे। उन्होंने पहली मंजिल पर जाने वाले दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया, ताकि परिवार के सदस्य नीचे नहीं आ सकें। इसके बाद चोरों ने अलमारियों के ताले तोड़कर लगभग ढाई लाख रुपये नगद, सोने का मंगलसूत्र तथा चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
सुबह परिवार की सदस्य रजनी खत्री ने नीचे जाने के लिए दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो वह बाहर से बंद मिला। इसके बाद खिड़की के माध्यम से कुंडी खोलकर परिवार के सदस्य नीचे पहुंचे, जहां मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ और घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पीड़ित परिवार ने क्षेत्र में लंबे समय से स्ट्रीट लाइट बंद रहने तथा पुलिस के देर से पहुंचने को लेकर नाराजगी व्यक्त की है।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। संदिग्धों की तलाश की जा रही है तथा कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित