देवरिया , फरवरी 07 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भटनी विकास खंड स्थित जिगिना दीक्षित कम्पोजिट विद्यालय का कायाकल्प पावरग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) निधि से किया जाएगा। विद्यालय में सोलर लाइट, फर्नीचर तथा शौचालय निर्माण समेत विभिन्न मूलभूत सुविधाओं के विकास पर 16.56 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।

आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी राजेश सिंह और पावरग्रिड के महाप्रबंधक के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर सीडीओ ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है। इस पहल से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा।

कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव तथा पावरग्रिड के उप महाप्रबंधक गौतम कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित