भिण्ड , सितंबर 30 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के अतिशय क्षेत्र पावई स्थित भगवान नमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में बुधवार को वार्षिक मेला महोत्सव आस्था और भक्ति के माहौल में मनाया गया। कुंवार बदी तीज के अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।

मंदिर में श्रीजी का पूजन और श्री 1008 नमिनाथ विधान के बाद भगवान नमिनाथ की शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों और भजनों के बीच निकली शोभायात्रा से पूरा गांव भक्तिमय हो गया। महिलाएं, पुरुष और बच्चे भजनों पर झूमते और नृत्य करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। बुजुर्ग श्रद्धालुओं में भी उत्साह नजर आया। गांव में भ्रमण के बाद शोभायात्रा मंदिर परिसर पहुंची, जहां भगवान नमिनाथ का महामस्तकाभिषेक किया गया। इसके बाद प्रथम कलश, चार कलश और शांतिधारा के लिए बोली लगाई गई। धार्मिक अनुष्ठान के बाद भगवान की आरती की गई।

कार्यक्रम में दिल्ली के कमिश्नर राजीव जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सांसारिक उपलब्धियां तभी सार्थक हैं, जब जीवन में संतोष, करुणा और धर्म हो। कार्यक्रम की अध्यक्षता संतोष जैन चाचा ने की। डॉ. राधेश्याम शर्मा और उत्तमचंद जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मेला संयोजक संतोष जैन के साथ प्रमोद जैन डब्बू, मनोज जैन, धर्मेंद्र जैन, चक्रेश जैन, वरुण जैन, अनिल जैन, अशोक जैन और विजय जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

पावई जैन मंदिर के जीर्णोद्धार का काम लगभग पूरा हो चुका है। मंदिर में भगवान की प्रतिमाएं विराजमान होने के बाद पट्टाचार्य विशुद्ध सागर जी महाराज के सत्संग सानिध्य में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं गजरथ महोत्सव आयोजित किया जाएगा। जैन समाज के प्रमुख प्रमोद जैन सर्राफ ने बताया कि पांच दिवसीय आयोजन 31 जनवरी से 04 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित