यमुनानगर , सितंबर 03 -- हरियाणा में यमुनानगर नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर पालिका एवं अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल 29वें दिन भी जारी रही।

कर्मचारियों ने नगर निगम गेट पर ताला लगाकर तीन घंटे तक कामकाज ठप किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।हड़ताल की अध्यक्षता नगर पालिका शाखा प्रधान पपला और अग्निशमन जिला प्रधान विजेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन पालिका सचिव सुभाष और कोषाध्यक्ष ललित कुमार ने किया।

कर्मचारियों ने शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल द्वारा सफाई कर्मचारियों को संविदा कर्मचारी सेवा सुरक्षा अधिनियम 2024 के तहत 60 साल तक नौकरी सुरक्षा और वेतन वृद्धि की घोषणा को खारिज कर दिया। संघ ने इसे कर्मचारियों के संवैधानिक और ट्रेड यूनियन अधिकारों का हनन बताया और कहा कि कर्मचारी खैरात नहीं, नियमित रोजगार का अधिकार मांग रहे हैं।

नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य महासचिव मांगे राम तिगरा और अग्निशमन के राज्य मुख्य संगठनकर्ता संतोष कुमार ने कहा कि सरकार मांग-पत्र में शामिल मांगों को पूरा करे। सफाई और सीवर कार्यों में ठेका प्रथा समाप्त कर कर्मचारियों को विभाग के रोल पर लिया जाये तथा सफाई, सीवर, पालिका और अग्निशमन विभाग के अनुबंधित ड्राइवरों व फायरमैन को नियमित किया जाये। साथ ही 13 मई को हुए समझौते में स्वीकृत मांगों के पत्र तत्काल जारी किये जायें।

उन्होंने बताया कि हड़ताल छह सितंबर तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है। सरकार की एकतरफा घोषणाओं, पुलिसिया दमन, फायर कर्मचारियों के निलंबन और सेवा समाप्ति तथा सफाई कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों के विरोध में आंदोलन जारी रहेगा।

रिटायर्ड संघ जिला प्रधान जोत सिंह और सीटू नेता विनोद त्यागी ने कहा कि सरकार द्वारा नियमितीकरण में कानूनी अड़चन की बात तथ्यहीन है। वर्ष 2014 में तीन साल की सेवा वाले ग्रुप-डी कर्मचारियों को नियमित करने की नीति को उच्चतम न्यायालय ने भी सही ठहराया था, इसलिए अब सफाई और फायर कर्मचारियों को नियमित करने में कोई बाधा नहीं है। सरकार 2014 की नीति में तिथि परिवर्तन कर कर्मचारियों को पक्का करने का कानून बनाये।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छह सितंबर तक मांगों के लिखित आदेश जारी नहीं हुए, तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित