भीलवाड़ा , अगस्त 16 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में सावन के पहले दिन महात्मा गांधी चिकित्सालय परिसर स्थित पालना गृह में छोड़े गये नवजात 'रुद्र' की रविवार तड़के उपचार के दौरान मौत हो गयी। महज कुछ दिनों की जिंदगी में ही मासूम की सांसें थम गयीं। अस्पताल स्टाफ और बाल कल्याण समिति ने उसे बचाने और नया जीवन देने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 जुलाई को अज्ञात शख्स नवजात को पालना गृह में छोड़ गया था। बाद में अस्पताल स्टाफ ने उसकी देखभाल की। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल उसे नवजात गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा था। रविवार तड़के उपचार के दौरान उसकी सांसें थम गयीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित