रायपुर , मार्च 08 -- ) छत्तीसगढ़ के रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में पालतू कुत्तों की देखभाल को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है और अब इस सिलसिले में पुलिस ने रेस्क्यू संस्था से जुड़ी दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुद को पशु प्रेमी रेस्क्यू संस्था से जुड़ा बताने वाली महिला और उसकी टीम ने एक गर्भवती महिला के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो महिलाएं पीड़िता को थप्पड़ मारते और धक्का देते नजर आ रही हैं।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रेस्क्यू संस्था की सदस्य किरण घनश्याम आहूजा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भिलाई के नेहरू नगर निवासी एवं इंटीरियर डिजाइनिंग गुरप्रीत कौर 27 फरवरी को रायपुर के भाठागांव स्थित एक होटल में ठहरी हुई थीं और वह अपने दो पालतू कुत्तों को भी साथ लाई थीं। उसी दिन किसी निजी काम से बाहर जाते समय उन्होंने कुत्तों को होटल में ही छोड़ दिया था।
वह अपराह्न में जब लौटीं, तो उनकी मुलाकात खुद को पशु रेस्क्यू संस्था से जुड़ा बताने वाली किरण आहूजा और उनकी टीम से हुई। आरोप है कि इस दौरान कुत्तों की देखभाल को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। पीड़िता का कहना है कि बहस के दौरान किरण आहूजा ने उनसे अभद्र व्यवहार करते हुए थप्पड़ मार दिया। पीड़िता के मुताबिक जब उन्होंने इसका विरोध किया तो टीम की दूसरी सदस्य भी आगे आई और उन्हें थप्पड़ मारते हुए टी-शर्ट खींचकर धक्का दे दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके पालतू कुत्ते और मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर वहां से चले गए।
श्रीमती कौर का कहना है कि आरोपियों ने उन पर कुत्तों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए उन्हें अपने साथ ले जाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर जबरन उनके कुत्ते अपने साथ ले गए, जिन्हें अब तक वापस नहीं किया गया है।
घटना के बाद पीड़िता ने पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और होटल के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित