पटना , मई 27 -- बिहार के दरभंगा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पार्सल उतारने के क्रम में हुए धमाके के मामले में तत्कालीन जिलाधिकारी डॉ.त्यागराजन ने आज राजधानी पटना स्थित विशेष अदालत में अपनी गवाही दर्ज कराई । राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के विशेष न्यायाधीश विपिन कुमार की अदालत में अपनी गवाही के दौरान डॉ.त्यागराजन ने इस मामले के अभियुक्तों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत दिए गए अभियोजन स्वीकृति आदेश को प्रदर्शित किया। डॉ. त्यागराजन घटना के समय दरभंगा जिले के जिलाधिकारी थे । वर्तमान में वह पटना के जिलाधिकारी के पद पर हैं ।

एनआईए के विशेष लोक अभियोजक राम विनय सिंह ने बताया कि वर्ष 2021 में सिकंदराबाद - दरभंगा विशेष ट्रेन से भेजे गए पार्सल को दरभंगा रेलवे स्टेशन पर उतारने के क्रम में धमाका हो गया था। पार्सल में विस्फोटक पदार्थ छुपा कर रखे गए थे। मामले के अभियुक्त ईमान मलिक,मोहम्मद नासिर खान, सलीम अहमद उर्फ हाजी सलीम उर्फ हाजी तथा कफील अहमद जेल में बंद हैं ,जबकि उनका सरगना इकबाल मोहम्मद उर्फ हाफिज इकबाल उर्फ काना पाकिस्तान में है, जिसके निर्देश पर अभियुक्तों ने उक्त पार्सल मे विस्फोटक पदार्थ विशेष ट्रेन से दरभंगा भेज कर बड़े पैमाने पर विस्फोट कर जान माल की हानि करने एवं आतंक फैलाने की योजना बनाई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित