हाजीपुर , जून 22 -- प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय, हाजीपुर में पूर्व मध्य रेल के सभी पांंचो मंडलों के पार्सल लीजधारकों के साथ एक बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता अमिताभ प्रभाकर, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, पूर्व मध्य रेल द्वारा की गई। बैठक में मुख्यालय तथा पूर्व मध्य रेल के सभी पाँचों मंडलों के वाणिज्य अधिकारियों के साथ-साथ लगभग 70 पार्सल लीजधारकों एवं हितधारकों ने भाग लिया तथा पार्सल परिवहन सेवाओं के विस्तार एवं सुधार के लिये अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक के दौरान जटडुमरी स्टेशन को पार्सल हब के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे पार्सल संचालन को और अधिक सुदृढ़ एवं सुगम बनाया जा सके। इसके साथ ही जटडुमरी से चितपुर (कोलकाता) एवं गुवाहाटी होकर त्रिपुरा (अगरतला) तक पीसीईटी ट्रेन चलाने तथा इस सेवा का विस्तार दिल्ली होते हुए अमृतसर तक करने का प्रस्ताव रखा गया।

बैठक में चर्चा के दौरान लीजधारकों द्वारा गाड़ी संख्या 13185/86 गंगा सागर एक्सप्रेस में (एलएचबी रेक में परिवर्तन के उपरांत), गाड़ी संख्या 13165/66 सीतामढ़ी-कोलकाता एक्सप्रेस तथा गाड़ी संख्या 13257/58 दानापुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस में पार्सल वैन की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई।साथ ही कुछ ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव प्रदान करने तथा स्टेशनों पर पार्सल पैकेजों की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।

बैठक के दौरान अमिताभ प्रभाकर ने पार्सल सेवाओं के विस्तार, ग्राहकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने तथा रेलवे राजस्व में वृद्धि के लिये रेलवे प्रशासन एवं पार्सल हितधारकों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। बैठक में प्राप्त सुझावों का व्यवहारिकता के आधार पर परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित