भोपाल , जुलाई 07 -- मध्यप्रदेश के भोपाल और राजगढ़ जिलों को जोड़ने वाले बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग पर पार्वती नदी के मध्य निर्मित अस्थायी वैकल्पिक मार्ग पर नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार बैरसिया के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आशुतोष शर्मा ने सोमवार देर रात जारी आदेश में कहा कि लगातार वर्षा के कारण पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ने से अस्थायी वैकल्पिक मार्ग जलमग्न हो गया है। तेज बहाव के चलते इस मार्ग पर आवागमन अत्यंत जोखिमपूर्ण हो गया है, इसलिए अगले आदेश तक इस पर प्रतिबंध लगाया गया है।
आदेश में संबंधित विभागों को प्रतिबंधित क्षेत्र में बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति जोखिम उठाकर मार्ग का उपयोग न करे। तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद पंचायत, लोक निर्माण विभाग और पुलिस अधिकारियों को सतत निगरानी रखने तथा नागरिकों को सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। वही प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 तथा अन्य प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग पर स्थित पार्वती नदी का पुराना पुल जनवरी 2025 में क्षतिग्रस्त होने के बाद आवागमन बंद कर दिया गया था। इसके बाद स्टॉपडैम के समीप अस्थायी वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया था, जिसका उपयोग अब तक किया जा रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित