चंडीगढ़ , जून 19 -- शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गुरदासपुर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित पार्टी नेता हरदेव सिंह बाजेचक को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में शिरोमणि अकाली दल की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।
पार्टी की ओर से शुक्रवार को जारी जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई जिला अकाली जत्था गुरदासपुर शहरी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक गुरबचन सिंह बब्बेहाली द्वारा भेजी गयी लिखित शिकायत के आधार पर की गयी है।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि हाल ही में हुए नगर परिषद चुनावों के दौरान हरदेव सिंह बाजेचक ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में हिस्सा लिया। इसके अलावा चुनावों के बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी नेतृत्व और स्थानीय नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कीं।
मामले की समीक्षा और वरिष्ठ पार्टी नेताओं से विचार-विमर्श के बाद सुखबीर सिंह बादल ने हरदेव सिंह बाजेचक को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से बर्खास्त करने का निर्णय लिया।
इस संबंध में श्री बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल में अनुशासन को हर हाल में बनाये रखा जाएगा और पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन के हितों के खिलाफ कार्य करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पार्टी नेतृत्व का कहना है कि संगठनात्मक अनुशासन और एकजुटता बनाये रखना शिरोमणि अकाली दल की प्राथमिकता है तथा इसी उद्देश्य से यह कार्रवाई की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित