मिर्जापुर , मार्च 7 -- कमेरावादी अपना दल की नेता एवं सपा विधायक पल्लवी पटेल ने शनिवार को मिर्जापुर में अपनी पार्टी के जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया। वह जिलाध्यक्ष की रिहाई और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रही थीं।
शनिवार दोपहर पल्लवी पटेल अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधान और अपना दल के जिलाध्यक्ष श्याम बहादुर पटेल को गौ तस्करी के मामले में दो माह पूर्व राजनीतिक दबाव में फंसाकर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने इसे राजनीति से प्रेरित कार्रवाई बताते हुए जल्द रिहाई की मांग की।
धरने में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें महिलाएं भी थीं। प्रदर्शनकारियों के हाथों में नारे लिखी तख्तियां थीं और वे लगातार नारेबाजी करते रहे।
पल्लवी पटेल ने आरोप लगाया कि मिर्जापुर के अधिकारी एक मंत्री के दबाव में आकर सोची-समझी रणनीति के तहत श्याम बहादुर पटेल को झूठे मुकदमे में फंसाया है। उन्होंने कहा कि श्याम बहादुर पटेल चार बार के प्रधान रह चुके हैं और वर्तमान में पार्टी के जिलाध्यक्ष हैं।
उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल एडीजी पुलिस से भी मिला था, जिन्होंने सहानुभूतिपूर्वक बातचीत करते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
शनिवार को तहसील दिवस होने के कारण जिलाधिकारी परिसर में मौजूद नहीं थे। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह बातचीत के लिए पहुंचे, लेकिन पल्लवी पटेल जिलाधिकारी के आने तक धरना जारी रखने पर अड़ी रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित