, Sept. 1 -- घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 2024 और 2025 में जयपुर में राजस्थान डोमेस्टिक ट्रेवल मार्ट तथा इंडियन रेस्पॉन्सिबल टूरिज्म स्टेट समिट एण्ड अवार्ड आयोजित किये गये।
मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश में पर्यटकों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिले। इसके मद्देनजर पर्यटकों, विशेषकर महिला पर्यटकों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पर्यटक सहायता बल ने 15 फरवरी 2024 से विशेष अभियान चलाया। इसके तहत करीब 1583 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रमुख पर्यटन स्थलों और राजकीय स्मारकों पर फरवरी 2024 से ऑनलाइन फीडबैक व्यवस्था भी शुरू की गयी है।
राजस्थान के पारंपरिक खान-पान और लोक संस्कृति को पर्यटन से जोड़ने के लिए मरु महोत्सव, जैसलमेर एवं राजस्थान दिवस समारोह के दौरान जयपुर में राजस्थानी फूड फेस्टिवल आयोजित किया गया। नई दिल्ली के सेंट्रल विस्टा में राजस्थानी भोजन कियोस्क स्थापित किया गया है।
प्रदेश के सभी संभाग मुख्यालयों पर पहली बार बड़े स्तर पर घूमर फेस्टिवल-2025 आयोजित किया गया। यूनेस्को इंडिया के सहयोग से 214 कलाकारों एवं हस्तशिल्प कर्मियों को स्वरोजगार का प्रशिक्षण दिया गया। प्रदेश में 81 हेरिटेज होटल एवं संपत्तियों को हेरिटेज प्रमाण-पत्र जारी किये गये हैं। फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 108 फिल्मों, डॉक्यूमेंट्री एवं टीवी सीरियल की शूटिंग को अनुमति दी गयी।
धार्मिक पर्यटन के साथ वरिष्ठ नागरिकों की आस्था को ध्यान में रखते हुए देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत 1.12 लाख वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा करायी गयी। इनमें 98 हजार 777 ने रेल और 12 हजार 963 वरिष्ठ नागरिकों ने हवाई यात्रा की। राजकीय मंदिरों में धार्मिक उत्सवों और आयोजनों के लिए पिछले दो वर्षों में 25 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृतियां जारी की गयी हैं। न्यास पंजीयन के लिए ऑनलाइन आवेदन व्यवस्था भी शुरू की गयी है।
मुख्यमंत्री की पहल पर विरासत संरक्षण के कार्यों को भी गति दी गयी है और जयपुर के धूलारावजी बावड़ी एवं बोरा की बावड़ी, जमवारामगढ़ के जीर्णोद्धार पर 1.30 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं। अजमेर के राजकीय संग्रहालय एवं किले के संरक्षण, जीर्णोद्धार और उन्नयन पर पांच करोड़ रुपये के कार्य प्रगतिरत हैं। जैसलमेर, जोधपुर, मंडोर, आहड़, भरतपुर, माउंट आबू, अलवर, चित्तौड़गढ़ और बीकानेर के 9 राजकीय संग्रहालयों के उन्नयन का काम भी चल रहा है।
प्रदेश में सात पैनोरमा के निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं। इनमें श्री महावीर जी पैनोरमा करौली, जैन मुनि विद्यासागर जी महाराज पैनोरमा अजमेर, करमा बाई पैनोरमा डीडवाना-कुचामन, भामाशाह पैनोरमा चित्तौड़गढ़, राव चन्द्रसेन पैनोरमा जोधपुर, गोकुला जाट पैनोरमा भरतपुर और जैसलमेर पैनोरमा शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित