देहरादून , मार्च 20 -- उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का शुक्रवार को हुए धामी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार पर वक्तव्य सामने आया है।
उन्होंने कहा कि धामी सरकार को बीते 4 साल से अधिक का समय बीत गया है, और इन चार सालों में इस बात की प्रतीक्षा की जाती रही कि अब मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है।
जिस दिन से मुख्यमंत्री ने अपने वर्तमान कार्यकाल की शपथ ली थी, उसी दिन से मंत्रिमंडल की कुछ सीटों को रिक्त रखकर यह प्रतीक्षा कराई जा रही थी कि अब मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है।
लेकिन 4 साल से अधिक समय बीतने के बाद आखिरकार आज वो घड़ी आ गई जब मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। उन्होंने मंत्रिमंडल में स्थान पाने वाले सभी विधायकों को बधाई दी है जिन्होंने आज मंत्री पद की शपथ ग्रहण की है।
श्री गोदियाल का कहना है कि आज ऐसे वक्त में उन्हें मंत्री बनने का अवसर मिला है जब उत्तराखंड इस बात की अपेक्षा कर रहा है कि गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्रिमंडल की पहली बैठक में गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।
श्री गोदियाल ने कटाक्ष किया कि वह मुख्यमंत्री धामी का धन्यवाद अदा करना चाहते हैं जिन्होंने कांग्रेस पृष्ठभूमि से आने वाले नेताओं का बखूबी ख्याल रखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के मंत्रिमंडल में वैसे तो पहले से ही कांग्रेस पृष्ठभूमि के नेताओं का बहुमत रहा है और वर्तमान में हुए मंत्रिमंडल विस्तार में भी इस बात का मुख्यमंत्री धामी ने पूरा ख्याल रखा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित