रांची , जुलाई 21 -- झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि राजनीतिक दलों में बदलाव रातों-रात नहीं हो सकता है, इसमें समय लगता है और पार्टी एकजूटता अनुशासन और जन सरोकार के मुद्दों के साथ जनता के पास जाने को तैयार है।

सभी मंत्री केवल पार्टी लाइन पर ही अपनी बात रखेंगे बिना पार्टी प्लेटफार्म पर चर्चा किये सार्वजनिक बयानबाजी नहीं की जाएगी। कांग्रेस कोटा के सभी मंत्रियों के साथ बैठक करने के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि हर 15 दिनों पर सभी मंत्री एक साथ बैठक करेंगे तथा जनमुद्दों पर विचार विमर्श करके उस मुद्दे पर एक राय बनाकर जनता के सामने रखेंगे।

उन्होंने कहा अक्सर देखा गया है कि किसी एक ही मुद्दे पर सभी मंत्रियों की राय जनता के सामने अलग-अलग होती है इसलिए उन्हें निर्देशित किया गया है कि पार्टी के प्लेटफार्म पर आपसी विचार विमर्श के पश्चात ही जनता के सामने एक स्वर में पार्टी की राय रखेंगे, इसके लिए मंत्रियों का एक फोरम बनाया जाएगा।

कैंपेन कमिटी की बैठक में प्रमंडलवार वरीय नेताओं को जिम्मेवारी दी गई है। हर प्रमंडल में दो कमेटी रहेगी। प्रत्येक प्रमंडल में अगले 6 महीनों तक जनमुद्दों को लेकर कैंपेन किया जाएगा। सेमिनार, वर्कशॉप,पब्लिक मीटिंग के जरिए आम लोगों से संवाद कर उनके जमीनी मुद्दों को जानने का प्रयास होगा। इन मुद्दों के जरिए पार्टी जनता से जुड़ने की कोशिश करेगी। एस आइ आर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह पूरा कैंपेन शुरू होगा।

मंत्रियों को जिलों में जाकर आम लोगों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करना था लेकिन कमोवेश यह धरातल पर नहीं उतर पाया इस पर भी चर्चा की गई और तय किया गया कि अगले 2 महीने के अंदर सभी मंत्री अलग-अलग जिलों में जाकर लोगों के साथ और कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनके मुद्दों पर बात करेंगे।

अनुसूचित जाति आयोग हर राज्य में गठित किया गया ताकि दलितों के मानवीय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की जा सके। झारखंड में भी अनुसूचित जाति आयोग के गठन के लिए मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है लेकिन अभी तक आयोग का गठन नहीं हो पाया है इसके लिए हमारी कोशिश जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित