पटना , अप्रैल 08 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री और नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को बताया कि राज्य के 19 नगर निगम, 89 नगर परिषद एवं 156 नगर पंचायतों में पार्किंग प्रबंधन को व्यवस्थित करते हुए कुल 87 करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व का सफलतापूर्वक संग्रहण किया गया है।
श्री सिन्हा ने आज बताया कि राज्य सरकार पारदर्शी, जवाबदेह एवं आधुनिक शहरी प्रशासन के निर्माण के लिये निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य के 19 नगर निगम, 89 नगर परिषद एवं 156 नगर पंचायतों में पार्किंग प्रबंधन को व्यवस्थित करते हुए कुल 87 करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व का सफलतापूर्वक संग्रहण किया गया है। साथ ही, पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए कुल 92 करोड़ रुपये से अधिक की बंदोबस्ती की गई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि नगर निकायों की वित्तीय सुदृढ़ता को नई दिशा प्रदान करती है तथा आत्मनिर्भर शहरी निकायों की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
श्री सिन्हा ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अवैध पार्किंग के विरुद्ध अभियान चलाते हुए कुल 59 मामलों में नोटिस जारी किए गए हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की सुविधा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।इसके अतिरिक्त, अवैध होर्डिंग के विरुद्ध भी व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित