बैतूल , जुलाई 11 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के झल्लार थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद से परेशान एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम केरपानी निवासी मनोज बारस्कर (35) ने शनिवार सुबह अपने घर में साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे उपचार के लिए पहले एक निजी अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि मनोज की पत्नी करीब तीन माह पहले मायके चली गई थी, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। उनका कहना है कि वह पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था।

परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला बाद में किसी अन्य युवक के साथ चली गई तथा उसने मनोज के खिलाफ झूठी शिकायत भी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मनोज के दो बच्चे हैं और उसकी पत्नी घर से कुछ जेवर भी लेकर गई है। इस संबंध में झल्लार थाने में महिला की गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित