नयी दिल्ली , सितंबर 3 -- दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके के एक होटल में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर चाकू मारकर पर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद भी जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने मौके से अचेत अवस्था में बरामद कर गिरफ्तार कर लिया है।

उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने बताया कि दोनों की शादी छह महीने पहले ही हुई थी, लेकिन पिछले पांच महीनों से दोनों अलग रह रहे थे। मूल रूप से बिहार की रहने वाली महिला दिल्ली के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी, जबकि उसका राजस्थान निवासी पति चाय की दुकान चलाता है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को आरोपी पति दिल्ली आया और दोनों दोपहर के समय लाहौरी गेट स्थित 'होटल प्रिंस' में ठहरे। जांच के दौरान पता चला कि बुधवार रात पारिवारिक विवाद को लेकर हुए झगड़े के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी पर चाकू से तीन बार वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने खुद जहरीला पदार्थ खा लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित