रायबरेली , सिंतबर 2 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के चौपरा गांव में बुधवार सुबह पारिवारिक विवाद में एक व्यक्ति ने छोटे भाई के सिर पर ईंट का वार कर हत्या कर दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आज सुबह करीब नौ बजे पारिवारिक विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर ईंट से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल से एम्स रायबरेली ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार चौपरा गांव निवासी रवि कुमार (35) बुधवार सुबह ड्यूटी पर जा रहा था। इसी दौरान उसके बड़े भाई अनूप कुमार ने उस पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद रवि सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए एम्स रायबरेली के लिए रेफर कर दिया। परिजन रवि को एम्स लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच एक दिन पहले मंगलवार शाम खाना देने को लेकर भी विवाद हुआ था। बताया गया कि विवाद के बाद अनूप ने डायल-112 पर सूचना दी थी कि उसे घर पर खाना नहीं दिया जा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। इसके अगले ही दिन सुबह रवि पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया जिससे बाद में उसकी मौत हो गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित