नयी दिल्ली , फरवरी 16 -- दिल्ली पुलिस ने रोहिणी में महिला के कपड़े पहनकर अपनी भाभी का गला काटने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि नजफगढ़ निवासी जय प्रकाश यादव को सोमवार को हिरासत में ले लिया गया है, जिसने पारिवारिक झगड़े का बदला लेने के लिए ये हत्या की है। जय प्रकाश एक कोचिंग सेंटर में शिक्षक है।
वरीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला है कि यादव का अपनी पत्नी और उसके परिवार के साथ अप्रैल 2025 से पुराना झगड़ा चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, जय प्रकाश ने थेरेपी सेंटर जहां महिला काम करती थी, वहां जाने से पहले शक से बचने के लिए विग और महिला के कपड़े पहन लिए थे।
पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान यादव ने कहा कि उसने बदला इसलिए लिया, क्योंकि उसकी मां पर उसकी पत्नी के परिवार ने हमला किया था। यादव की पत्नी और भाभी दोनों सगी बहनें हैं।अधिकारी ने कहा, "दोपहर करीब 12:21 बजे पीसीआर कॉल आयी कि एक महिला पर हमला हुआ है और उसका गला काट दिया गया है, फिर भी वह होश में है। पुलिस तुरंत रोहिणी के सेक्टर-24 पहुंच गयी।"अधिकारी ने कहा कि जब तक पुलिस घटनास्थल पर पहुंची महिला को इलाज के लिए बीएसए अस्पताल ले जाया जा चुका था और वह अभी अपना बयान देने की हालत में नहीं है।
पुलिस ने कहा कि ईमारत और आस-पास के इलाकों की तलाशी के दौरान आरोपी को पास की ईमारत की छत से पकड़ा गया, जहां वह छिपा था। हमले में इस्तेमाल कटर ब्लेड उससे जब्त कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित