पटना , जनवरी 31 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार किसानों को समय पर, गुणवत्तापूर्ण एवं अनुदानित दर पर बीज उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि बसंतीय (रबी) मौसम के अंतर्गत कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राज्य के सभी जिलों में प्रमुख फसलों के बीजों की आपूर्ति एवं वितरण सफलतापूर्वक किया गया है।उन्होंने बताया कि रबी मौसम में गेहूँ, चना, मसूर, अलसी, मटर, सरसों, स्वीट कॉर्न, बेबी कॉर्न, हरा मटर सहित अन्य फसलों के प्रमाणित बीज अनुदानित दर पर किसानों को उपलब्ध कराए गए हैं। इस क्रम में राज्य के लगभग 17.79 लाख किसानों को विभिन्न फसलों के कुल 6.65 लाख क्विंटल बीज का वितरण किया जा चुका है। यह उपलब्धि राज्य में कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों को पारदर्शी व्यवस्था के तहत समय पर बीज उपलब्ध कराना है, जिससे वे निर्धारित समयावधि में बुआई कर सकें और बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें। इसी उद्देश्य से रबी 2025-26 मौसम के लिए सभी फसलों के बीज उत्पादन का लक्ष्य 2.39 लाख क्विंटल निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिये राज्य के लगभग 14 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में बीज उत्पादन कार्यक्रम आच्छादित होंगे।उन्होंने बताया कि रबी वर्ष 2025-26 के दौरान राज्य के पांच मुख्य बीज प्रसंस्करण केंद्रों एवं आठ मिनी प्रसंस्करण केंद्रों पर कुल 2,30,126.84 क्विंटल बीज का प्रसंस्करण किया गया। इस प्रक्रिया के पश्चात कुल 2,06,398.28 क्विंटल प्रसंस्कृत एवं गुणवत्ता-युक्त बीज प्राप्त हुआ, जिसे किसानों के बीच वितरण के लिए उपलब्ध कराया गया है।

श्री यादव ने बताया कि शारदीय (खरीफ) मौसम की तैयारी के तहत विभिन्न फसलों के कच्चे बीज का संग्रहण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। वर्तमान में राज्य के 12 जिलों में निगम के कुल 18 संग्रहण केंद्रों पर बीज संग्रहण का कार्य किया जा रहा है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बीज उत्पादन, प्रसंस्करण एवं वितरण की यह सुदृढ़ व्यवस्था राज्य के किसानों को लाभान्वित करेगी तथा बिहार को आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में और अधिक मजबूत बनाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित